इलाज के दौरान बीसीसीएल कर्मी की मौत, पुत्र को मिला नियोजन
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल की तेतुलमारी कोलियरी में कार्यरत कर्मी पहलाद बाउरी की इलाज के दौरान मौत के बाद नियोजन के मुद्दे पर प्रबंधन और संयुक्त मोर्चा के बीच वार्ता हुई। वार्ता में मृतक के छोटे पुत्र गोपाल कुमार बाउरी को अनुकंपा के आधार पर नियोजन देने पर सहमति बनी।
पहलाद बाउरी तेतुलमारी कोलियरी में मेकैनिकल फिटर के पद पर कार्यरत थे। उनकी मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। इस स्थिति को देखते हुए तेतुलमारी कोलियरी कार्यालय परिसर में बीसीसीएल प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई।
वार्ता में कार्मिक प्रबंधक सहित कई अधिकारी एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के बाद मृतक कर्मी के आश्रित को नौकरी देने का निर्णय लिया गया। स्थानीय श्रमिक संगठनों और परिजनों ने इस फैसले को मानवीय और संवेदनशील पहल बताते हुए स्वागत किया।