सांसद चंद्रप्रकाश ने जेल में बंद आजसू नेत्री से की मुलाकात
सांसद ने कहा-मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्च स्तरीय जांच करें सुनिश्चित
डीजे न्यूज, धनबाद: गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी बुधवार को धनबाद मंडल कारा पहुंचे। सांसद ने जेल में बंद आजसू नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन एवं कोयला चोरी के खिलाफ लगातार मुखर रहने के कारण उन्हें एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत झूठे हत्या मुकदमे में फंसाया गया तथा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
सांसद ने कहा कि लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा की हालिया घटना ने प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अवैध कोयला कारोबार और माफियातंत्र के विरुद्ध संघर्ष करने वाली आवाजों को ही दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वर्षों से सक्रिय अवैध सिंडिकेट क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और न्याय की मांग उठाने वालों को भयभीत करने का काम कर रहा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सांसद ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मांग किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि सत्य सामने आए और निर्दोषों को न्याय मिल सके। यदि प्रशासन शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो आजसू पार्टी जनहित, लोकतंत्र और न्याय की रक्षा हेतु व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी। साथ ही इस पूरे प्रकरण एवं अवैध कोयला सिंडिकेट की भूमिका की सीबीआई जांच की मांग भी केंद्र सरकार से की जाएगी।
जनता की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार है। अन्याय, भ्रष्टाचार और माफियातंत्र के खिलाफ हमारी लड़ाई निरंतर, निर्णायक और जनहित में जारी रहेगी।