45 दिन कोमा में रहने के बाद दुबई से लौटा राकेश, घर पहुंचते ही छलके परिजनों के आंसू
डीजे न्यूज,डुमरी,गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबाडीह गांव निवासी तुलसी महतो के 26 वर्षीय पुत्र राकेश महतो इलाज के बाद सकुशल अपने घर लौट आए हैं। राकेश 23 फरवरी को अबू धाबी में एक इमारत की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद वह करीब 45 दिनों तक कोमा में रहेबुधवार सुबह राकेश के गांव पहुंचते ही परिवार और गांव में खुशी का माहौल बन गया। उनकी पत्नी रीना देवी, 10 माह की बेटी रिया कुमारी, पिता तुलसी महतो और मां केसिया देवी ने राहत की सांस ली। हादसे के बाद से परिवार खासकर मां अपने बेटे के साथ बहू और पोती के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित थीं, लेकिन अब राकेश की सुरक्षित वापसी से पूरा परिवार भावुक हो उठा।
राकेश की घर वापसी सामाजिक प्रयासों और प्रशासनिक पहल के बाद संभव हो सकी। प्रवासी हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली और अभिभावक एकता मंच के अध्यक्ष रामेश्वर महतो के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन और भारतीय दूतावास सक्रिय हुआ। KEC कंपनी के समन्वय और मेडिकल क्लीयरेंस के बाद राकेश को भारत वापस लाया गया।
समाजसेवी सिकंदर अली ने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में विदेश जाने वाले मजदूर कई बार असुरक्षित परिस्थितियों में काम करने को मजबूर होते हैं, जहां दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, बीमा और कानूनी अधिकारों को लेकर सरकार से ठोस नीति बनाने की मांग की।