एशियन चैंपियनशिप में चमकी धनबाद की बेटी, मेयर संजीव सिंह ने किया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद की प्रतिभाशाली बेटी मुस्कान ने एक्रोबेटिक एशियन चैंपियनशिप
में शानदार प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर धनबाद मेयर संजीव सिंह ने अपने आवास सिंह मैंसन में सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुस्कान ने एक्रोबेटिक राक एन रोल एक्रो स्विंग (जिमनास्टिक) प्रतियोगिता में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में तृतीय स्थान हासिल किया, वहीं एशियन चैंपियनशिप में पांचवां स्थान प्राप्त कर धनबाद सहित पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि मुस्कान की मेहनत, अनुशासन और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करना बड़ी उपलब्धि है।
मेयर ने कहा कि धनबाद की बेटियां लगातार हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं और मुस्कान ने अपनी उपलब्धि से जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने मुस्कान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में वह देश के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।