राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने लिया लोकतंत्र बचाने का संकल्प

Advertisements

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने लिया लोकतंत्र बचाने का संकल्प

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बुधवार को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अत्याचार, अन्याय और आतंक के खिलाफ कभी नहीं झुकने की शपथ भी ली।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सतीश केडिया ने कहा कि पूरा राष्ट्र आज कृतज्ञ होकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने अपने अल्पकालीन शासन में भारत को आधुनिक राष्ट्र बनाने की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, रक्षा एवं अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई दिशा देने तथा संचार क्रांति को बढ़ावा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। साथ ही लोकतंत्र की मजबूती के लिए दल-बदल कानून लागू किया और महिला आरक्षण के लिए संसद में बिल पेश किया।

सतीश केडिया ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करें।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से नेजाम, सुलेमान अख्तर, राजेश तुरी, धनंजय सिंह, लड्डू खान, अशोक विश्वकर्मा, जुनैद आलम, मंजूर अंसारी, सोहेल, चाँद राशिद, सोनू खान, बेलाल हुसैनी, इरफान, शाहनवाज़, दिनेश विश्वकर्मा, चंद्रशेखर सिंह, मोहम्मद मनीर एवं मोहम्मद नवाब सहित कई लोग मौजूद थे।

इस अवसर पर कई लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। नवसदस्यों का स्वागत पार्टी का पट्टा पहनाकर किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top