क्लस्टर सिस्टम के विरोध में विद्यार्थी परिषद ने दिया धरना सीएम और शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

Advertisements

क्लस्टर सिस्टम के विरोध में विद्यार्थी परिषद ने दिया धरना

सीएम और शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): झारखंड सरकार द्वारा लागू किए जा रहे क्लस्टर सिस्टम के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से बुधवार को कतरास कॉलेज, कतरासगढ़ परिसर में धरना दिया गया। परिषद की कतरास अध्यक्ष सीमा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित धरना के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य सोनू का पुतला दहन किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित होकर सरकार के छात्र विरोधी निर्णय के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होगी तथा छात्राओं को भी अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

अभाविप झारखंड के प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह संयोजक शुभम हजारी ने कहा कि झारखंड सरकार अब तक राज्य में सीबीसीएस एवं एनईपी प्रणाली को सही तरीके से लागू नहीं कर पाई है, ऐसे में क्लस्टर सिस्टम को सफलतापूर्वक लागू कर पाना पूरी तरह असंभव प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि बीबीएमकेयू के अंगीभूत महाविद्यालयों में आज तक छात्रों के लिए पर्याप्त हॉस्टल, परिवहन एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, तो आखिर छात्र-छात्राएं दूसरे कॉलेजों में जाकर किस प्रकार अध्ययन करेंगे और रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि क्लस्टर सिस्टम छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। यदि 24 घंटे के अंदर झारखंड सरकार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस निर्णय को वापस नहीं लेते हैं, तो विद्यार्थी परिषद पूरे झारखंड के कोने-कोने से छात्रों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट कर सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट कहा कि छात्र हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा शिक्षा बचाने के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम में परिषद के कई कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे तथा सभी ने एक स्वर में क्लस्टर सिस्टम वापस लेने की मांग की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top