गिरिडीह में शुरू हुआ हाईटेक आधार सेवा केंद्र, अब आधार अपडेट के लिए नहीं लगाना होगा कार्यालयों के चक्कर
डीजे न्यूज,गिरिडीह : जिलेवासियों को आधार संबंधी सेवाएं आसान और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गिरिडीह के पुराना पुल स्थित ग्रामीण बैंक के समीप आधुनिक UIDAI आधार सेवा केंद्र की शुरुआत की गई है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार शुरू किए गए इस केंद्र से अब लोगों को आधार कार्ड बनवाने, नाम सुधार, मोबाइल नंबर अपडेट, पता संशोधन सहित अन्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
नए आधार सेवा केंद्र में प्रतिदिन 200 से अधिक लोगों के आधार कार्ड बनाने एवं नाम परिवर्तन करने की क्षमता विकसित की गई है। केंद्र में प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित और पारदर्शी सेवा मिल सके। यहां आधार कार्ड से जुड़ी विभिन्न तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, महिलाओं, वृद्धजनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि डिजिटल सेवाओं को जनसामान्य तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आधार आज सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं, छात्रवृत्ति, पेंशन और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में आधुनिक एवं व्यवस्थित आधार सेवा केंद्र की शुरुआत लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र में आने वाले सभी नागरिकों को सुगम वातावरण और त्वरित सेवा उपलब्ध कराई जाए। केंद्र में बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर लिंक, जन्मतिथि सुधार, पता संशोधन, ई-आधार डाउनलोड और फोटो अपडेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विशेष रूप से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनका आधार अपडेट नहीं होने के कारण विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से गिरिडीह में डिजिटल सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी तथा आम लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।