सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व से रेल यात्री हुए अवगत
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद रेल मंडल में चल रहे विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान यात्रियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष “कचरा पृथक्कीकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षकों एवं अन्य रेलवे पर्यवेक्षकों ने अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय एवं ट्रेनों में यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य निरीक्षक ने यात्रियों के मध्य बताया कि रेलवे प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में उत्पन्न होने वाले कचरे के प्रबंधन हेतु निरंतर प्रयासरत है। यदि यात्री स्रोत स्तर पर ही कचरे को अलग-अलग करना शुरू करें, तो उसके पुनर्चक्रण एवं निस्तारण की प्रक्रिया अत्यंत आसान हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल रेलवे स्टेशनों को “जीरो वेस्ट ज़ोन” बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व से अवगत कराना तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना था। अभियान में रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।