भाजपा नेता ने शहीद सीताराम उपाध्याय को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

Advertisements

भाजपा नेता ने शहीद सीताराम उपाध्याय को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज में सोमवार शाम शहीद सीताराम उपाध्याय का बलिदान दिवस श्रद्धा, सम्मान और भावुक माहौल के बीच मनाया गया। पालगंज के युवाओं के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भाजपा नेताओं ने भाग लेकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद लोगों ने शहीद सीताराम उपाध्याय की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम का आयोजन शहीद के भाई सोनू उपाध्याय की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने शहीद सीताराम उपाध्याय के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश सेवा में उनका योगदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने शहीद परिवार को सम्मान देते हुए भविष्य में कार्यक्रम को और बेहतर ढंग से आयोजित कराने में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

बताया गया कि आठ वर्ष पूर्व पालगंज के लाल सीताराम उपाध्याय कश्मीर में देश सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। वे बीएसएफ के जवान थे। उनके शहीद होने की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई थी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीद के नाम पर की गई घोषणाओं के अब तक अधूरी रहने पर नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि आज तक पालगंज में शहीद की प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी है और न ही पालगंज मोड़ पर तोरणद्वार का निर्माण पूरा हुआ है। बाघमारा विधायक के प्रयास से शुरू की गई प्रतिमा निर्माण योजना भी अब तक अधूरी पड़ी हुई है।

मौके पर शरत भक्त, सोनू उपाध्याय, सुरेश मंडल, जोगेंद्र तिवारी, कौलेश्वर दास, बिरजू साहू, मुकुंद यादव, प्रेम कुमार, रामप्रसाद महतो, नीलेश कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top