बलियापुर की खबरें:-
जलापूर्ति योजना के हड़ताली कर्मियों के साथ बैठक विफल
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): शीतलपुर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के हड़ताली कर्मचारियों के साथ एसपीइसी कंपनी के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को बैठक की। बैठक में हड़ताली मजदूरो ने 14 महीने का बकाया मानदेय का भुगतान के बाद ही काम पर लौटने के निर्णय पर अड़े रहे। जबकि संवेदक द्वारा एक महीने का मानदेय भुगतान करने की बातें कर रहे थे। जिसके चलते योजना चालू करने की पहल बेनतीजा रहा। बैठक में पीएचईडी विभाग के सहायक अभियंता जनार्दन प्रसाद सिंह भी मौजूद थे।
——————————————–
सड़क दुर्घटना में एक जख्मी
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के हीरक रोड पर कर्माटांड़ ओवर ब्रिज के पास गुरुवार को टैंकर ने बाइक को धक्का मार दिया। घटना में बाइक सवार राजेश मांझी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। लोगों ने जख्मी को इलाज हेतु शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जाती है। जख्मी बलियापुर के खरीकाबाद का रहने वाला है। वह बाइक से धनबाद जा रहा था। कर्माटांड़ ओवर ब्रिज के पास विपरीत दिशा से आ रहा टैंकर ने बाइक को जोरदार धक्का मार दिया। घटना के बाद टैंकर छोड़कर चालक भागने में सफल रहा। पुलिस ने टैंकर एवं बाइक को जप्त कर थाना ले आई है।
———————————————-
सड़क दुर्घटना में जख्मी युवक की इलाज के दौरान मौत
बलियापुर: बाघमारा निवासी सद्दाम अंसारी (30 वर्ष) की इलाज के दौरान रांची रिम्स में गुरुवार को मौत हो गई। बीते 09 मई को
खरिकाबाद ड़ीबूडीह के पास दो बाइक के बीच हुई टक्कर में वह बुरी तरह जख्मी हो गया था, तभी से उसका इलाज रांची में चल रहा था। परिजन मृतक के शव के साथ बलियापुर थाना पहुंचे। सूचना पाकर सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो भी थाना पहुंचे और घटना के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से की। मालूम हो की घटना के दूसरे दिन पीड़ित परिवारों ने मृतक के बाइक को धक्का मारने वाला खरिकाबाद निवासी बाइक सवार रंजीत मरांडी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने जेल भेज दिया है। मृतक के परिवार में उनकी पत्नी गुलशन बीबी तथा दो छोटी-छोटी पुत्री एवं एक पुत्र है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक का शव गांव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया। परिजन दहाड़ मार मार कर रो रहे थे। मौके पर पहुंचे लोग उन्हें ढांढस बंधा रहे थे।
———————————————
पहाड़पुर में चड़क पूजा का आयोजन
बलियापुर: पहाड़पुर शिव मंदिर प्रांगण में गुरुवार को चड़क पूजा के मौके पर भोक्ता घुरा मेंला का आयोजन किया गया। शिव भक्तों ने अपने शरीर के विभिन्न अंगों में लोहे की कीलें चुभोकर नाचते गाते रहे। मंदिर प्रांगण में स्थापित भोक्ता खुंटा के लट पर लटककर घूमते रहे। मौके पर भाजपा नेत्री तारा देवी, डॉक्टर निशी महतो, मुखिया दिलीप कुमार महतो, महावीर महतो, हीरुचरण महतो समेत सैकड़ो लोगों ने मेला का आनंद उठाया।