पीएसएस खरगडीहा में लगा बिजली समाधान शिविर, उपभोक्ताओं की समस्याओं

Advertisements

पीएसएस खरगडीहा में लगा बिजली समाधान शिविर, उपभोक्ताओं की समस्याओं का हुआ ऑन द स्पॉट निष्पादन 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार गिरिडीह विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अंतर्गत पीएसएस खरगडीहा परिसर में “विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण एवं जागरूकता शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं ने बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।

शिविर के दौरान बिजली बिल में त्रुटि, बकाया राशि, मीटर खराबी, नया विद्युत कनेक्शन, मोबाइल नंबर अपडेट, उपभोक्ता संख्या संबंधी जानकारी, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें एवं नाम सुधार जैसे मामलों की सुनवाई की गई। कई शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित समाधान का आश्वासन विभागीय अधिकारियों ने दिया।

शिविर में मौजूद अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान, ऊर्जा संरक्षण, सुरक्षित विद्युत उपयोग तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। विभाग की ओर से कहा गया कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं बेहतर सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय न जाना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और विभागीय पहल की सराहना की। विभाग ने भविष्य में भी विभिन्न पंचायतों एवं प्रखंड क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही, ताकि आम जनता को त्वरित एवं सुगम विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top