सुरूंगा बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण का काम शुरू, ग्रामीणों में उत्साह
डीजे न्यूज, तिसरा,धनबाद : बलियापुर प्रखंड के सुरूंगा गांव स्थित बड़ा तालाब अब नए स्वरूप में नजर आएगा। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे इस तालाब के सुंदरीकरण कार्य की शुरुआत होते ही ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह पहल गांव की पहचान को फिर से जीवंत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ग्रामीणों ने बताया कि विधायक चंद्र देव महतो, प्रमुख पिंकी देवी तथा मुखिया विजय कालिंदी के प्रयास से तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो सका है। इससे गांव की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ लोगों को घूमने, बैठने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
सुंदरीकरण योजना के तहत तालाब की सफाई, घाट निर्माण, चारों ओर पेवर ब्लॉक लगाने, बैठने की व्यवस्था और हरियाली विकसित करने का कार्य किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि कभी यह तालाब गांव की शान हुआ करता था, लेकिन वर्षों से इसकी स्थिति जर्जर बनी हुई थी। अब कार्य शुरू होने से लोगों में नई उम्मीद जगी है।
इधर ग्रामीणों ने आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा तालाब के आसपास मनमाने तरीके से ओबीआर डंपिंग किए जाने पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि डंपिंग के कारण कई ग्रामीण रास्ते बाधित हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इस मुद्दे को कई विधायकों ने विधानसभा में भी उठाया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि तालाब के सुंदरीकरण के साथ-साथ रास्तों की समस्या का भी समाधान किया जाए। लोगों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य गांव के विकास और सौंदर्य बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।