पांडेयडीह के किराना स्टोर में भीषण आग, पिता-पुत्र झुलसे
पांच फ्रिज समेत पांच लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह स्थित निधि किराना स्टोर में सोमवार रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने देखते ही देखते पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग में दुकान संचालक मनोहर तांती और उनके बेटे विक्रम कुमार झुलसकर घायल हो गए। घटना के समय दुकान में मनोहर मारिक का छोटा बेटा आनंद कुमार भी मौजूद था। आग लगते ही परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखा फ्रिज, 55 इंच का टीवी, एक लैपटॉप, चार मोबाइल, चार फोटो कॉपी करने वाली मशीन समेत पूरा सामान जलकर राख हो गया। चार फ्रिज भी आग की भेंट चढ़ गए। दुकानदार के अनुसार आग से पाँच लाख से अधिक रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
इतना ही नहीं अगलगी की इस घटना में पिता-पुत्र घायल हुए हैं। घायलों में मनोहर कुमार तांती और विक्रम कुमार तांती शामिल हैं। दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर समय पर दमकल नहीं पहुंचती तो आग आस-पास की दुकानों तक फैल सकती थी।