सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने तिसरी-गिरिडीह मार्ग किया जाम
डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के जमुनियाटांड़ गांव के पास तिसरी-गावां मुख्य सड़क पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तिसरी-गिरिडीह मुख्य सड़क को जाम कर दिया। बाद में पुलिस के समझाने-बुझाने पर जाम हटाया गया।
जानकारी के अनुसार खटपोक गांव निवासी रामप्रसाद यादव के 30 वर्षीय पुत्र सूरज यादव बाइक से अपने ससुराल ककनी गांव जा रहे थे। इसी दौरान गावां की ओर से तेज रफ्तार में देवरी की तरफ जा रही एक मालवाहक सवारी गाड़ी ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद वाहन चालक युवक को बाइक समेत काफी दूर तक घसीटता ले गया और मौके से फरार हो गया।
हादसे में सूरज यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका दाहिना हाथ और पैर टूट गया, जबकि सिर, सीना और कंधे में भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद तिसरी पुलिस घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिसरी ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए गिरिडीह ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जमुआ अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोगों ने शव को लेकर तिसरी बाजार स्थित मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा कर तिसरी-गिरिडीह मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर एवं एसआई लव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।