जर्जर सलैया स्टेशन रोड के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, सड़क निर्माण की उठी मांग
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सलैया स्टेशन रोड की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को ग्रामीणों और युवाओं का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। राजेश सिन्हा के नेतृत्व में बाबा जी कुटिया मोड़ से बुढ़वा तालाब तक पैदल मार्च निकालकर सड़क निर्माण की मांग की गई।
पैदल मार्च में पचंबा, हांडाडीह और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द सलैया स्टेशन रोड का निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके कारण रोजाना वाहन फंस रहे हैं तथा लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
पैदल मार्च में तुलसी राणा, ठाकुर दास, मनौव्वर जी, कारण कृपालु, छोटेलाल राणा, मुकेश राणा, कन्हैया खेतान, निरंजन कंधवे, विकास पंडा, पुरुषोत्तम कपिस्वे, सचिन कपिस्वे, अभय कंधवे, नितेश कुमार, आलोक कुमार और दीपलोक मित्रा समेत कई ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे।