मार्क्स जयंती पर समाजवाद के विचारों को अपनाने का आह्वान
डीजे न्यूज तिसरा,धनबाद : झरिया मानबाद स्थित पार्टी कार्यालय में कार्ल मार्क्स की 208वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में झरिया लोकल कमिटी के सदस्य व शिक्षक कामरेड नारायण चक्रवर्ती ने कहा कि कार्ल मार्क्स के दर्शन से ही दुनिया में समाजवाद स्थापित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाजवाद ही भविष्य है और इसे हासिल करने के लिए मार्क्स के सिद्धांतों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म की आड़ में पूंजीवादी व्यवस्था साम्राज्यवाद, फासीवाद और सांप्रदायिकता को बढ़ावा देती है।
वहीं, पार्टी राज्य कमिटी सचिव मंडल के सदस्य कामरेड शिव बालक पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि कार्ल मार्क्स के निधन के समय भले ही कम लोग उपस्थित थे, लेकिन उनके विचारों ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि मार्क्स के विचारों ने मजदूरों, किसानों और गरीबों को संगठित कर समाजवाद की स्थापना का रास्ता दिखाया।
उन्होंने मार्क्स के प्रसिद्ध कथन को दोहराते हुए कहा कि अब तक दर्शनशास्त्र ने दुनिया की केवल व्याख्या की है, लेकिन जरूरत इसे बदलने की है। उनके अनुसार, मार्क्स के विचार आज भी एक न्यायपूर्ण, समानतापूर्ण और शोषण मुक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में नौशाद अंसारी, विनोद पासवान, प्रजा पासवान, नीरज पासवान, कुंदन कुमार, भोला माली, हेमंत बावरी, विनोद धारी और अविनाश कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड रामबृक्ष धारी ने की।