मर्सी हॉस्पिटल और महुरी समाज के बीच समझौता, अब सस्ते इलाज की मिलेगी सुविधा
डीजे न्यूज,गिरिडीह : स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक किफायती रूप में पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह ने केंद्रीय महुरी वैश्य नवयुवक समिति के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। इस समझौते के बाद महुरी समाज के सदस्यों को अस्पताल में विशेष छूट के साथ इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल से समिति के 42 मंडलों से जुड़े सदस्यों को सीधा लाभ मिलेगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ओपीडी, विभिन्न जांच, सर्जरी और भर्ती सेवाओं पर रियायती दरें लागू की जाएंगी, जिससे इलाज का खर्च कम होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
समिति के अध्यक्ष संजीत तर्वे ने इस पहल को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे लोगों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा। वहीं उपाध्यक्ष साहिल कुमार ने इसे महंगाई के दौर में राहत देने वाला कदम बताया।
मर्सी हॉस्पिटल के सीईओ पी. एच. मिश्रा ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य हर वर्ग तक बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सहयोग जारी रहेंगे।
इस मौके पर हिमांशु लोहानी, अमर गुप्ता, विवेक गुप्ता, प्रतीक गुप्ता, संजीत लोहानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।