गिरिडीह में भाजपा का विजय जुलूस, बड़ा चौक पर गाना विवाद को लेकर पुलिस से बहस
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद सोमवार को गिरिडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकालकर खुशी मनाई। झंडा मैदान से शुरू हुआ जुलूस बड़ा चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर, आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
जुलूस में महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, वार्ड पार्षद संजीव कुमार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी, दिलीप वर्मा, नवीन सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
बड़ा चौक पहुंचने पर गाना बजाने को लेकर डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने आपत्ति जताई और कहा कि भड़काऊ गीतों की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस पर कुछ कार्यकर्ता नाराज हो गए और नारेबाजी को लेकर अपनी आपत्ति जताई।
हालांकि कुछ देर के लिए माहौल गरमाने के बाद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ गया।
पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा रहा।