राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया ऑड्रे हाउस में सजे स्वदेशी मेला उद्घाटन

Advertisements

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया ऑड्रे हाउस में सजे स्वदेशी मेला उद्घाटन

डीजे न्यूज, रांची : ऑड्रे हाउस परिसर, रांची में आयोजित तीन दिवसीय “सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ आज राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में स्वदेशी उत्पादों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। विभिन्न समाज और वर्गों की अपनी-अपनी पहचान और विशेषताएं हैं, जो राष्ट्र को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी स्वदेशी को अपनाने और उसे बढ़ावा देने का संदेश दिया था। स्वदेशी मेला स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि झारखंड केवल खनिज संपदा ही नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर के लिए भी जाना जाता है। राज्य के लोग और विशेषकर युवा शिक्षा, खेल और कला के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और सीमित संसाधनों में भी राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा कारीगरों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। मेले में हस्तनिर्मित वस्त्र, आभूषण, सजावटी सामग्री, मिट्टी एवं बांस से बने उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, विधायक नवीन जायसवाल, रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, पूर्व सांसद अजय मारू सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top