रेल संबंधी जन मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्री ने की डीआरएम के साथ बैठक
आरओबी एवं आरयूबी के निर्माण की आवश्यकता पर दिया जोर, कोडरमा स्टेशन के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया
डीजे न्यूज, धनबाद: रेलवे से संबंधित विभिन्न जन मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा विधायक अमित कुमार यादव ने शुक्रवार को धनबाद मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्र के साथ बैठक की। इस दौरान यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति तथा रेल परिचालन एवं सर्वसाधारण की सुविधा हेतु सुगमता एवं सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के उपाय आदि पर चर्चा की गई। आम जनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं रोड अंडर ब्रिज (RUB) के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री, विधायक तथा डीआरएम ने कोडरमा स्टेशन परिसर सहित कोडरमा स्टेशन के निर्माणाधीन नई बिल्डिंग के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। धनबाद मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर सुधार, सुरक्षा मानकों के उन्नयन तथा समग्र रेल विकास के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जा रहे है।
विंडो निरीक्षण
डीआरएम ने धनबाद-कोडरमा रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड पर स्थित विभिन्न स्टेशनों, ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर धनबाद मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।