सरायढेला से प्रगति नर्सिंग होम तक सड़क जाम से जल्द मिलेगी निजात मेयर के निरीक्षण के बाद प्रशासन एक्शन मोड में

Advertisements

सरायढेला से प्रगति नर्सिंग होम तक सड़क जाम से जल्द मिलेगी निजात

मेयर के निरीक्षण के बाद प्रशासन एक्शन मोड में

डीजे न्यूज, धनबाद: सरायढेला क्षेत्र में गुरुकृपा से लेकर प्रगति नर्सिंग होम तक रोज़ाना लगने वाले भीषण जाम को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मेयर संजीव सिंह ने ट्रैफिक डीएसपी एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान धनबाद-गोविंदपुर मुख्य सड़क के स्टील गेट क्षेत्र की जमीनी स्थिति को गंभीरता से परखा गया, जहाँ प्रतिदिन जाम के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि जाम की समस्या केवल बढ़ते वाहनों का परिणाम नहीं, बल्कि कई व्यवस्थागत खामियों का नतीजा है। सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, अस्पताल क्षेत्र में अत्यधिक दबाव और ट्रैफिक प्रबंधन की कमी से स्थिति और गंभीर हो जाती है। प्रगति नर्सिंग होम सहित आसपास के स्वास्थ्य संस्थानों के कारण एम्बुलेंस और मरीजों के वाहनों की आवाजाही भी यातायात को प्रभावित करती है।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि सरायढेला में जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसे अब गंभीरता से लिया गया है। अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर सभी पहलुओं का आकलन किया गया है। बहुत जल्द ठोस कदम उठाकर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि धनबादवासियों को जाम से राहत मिल सके।

ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह ने कहा कि संयुक्त निरीक्षण के दौरान जाम के प्रमुख कारणों की पहचान की गई है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। नो-पार्किंग नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। पीक आवर्स में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को सुचारू बनाने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन और आम जनता के सहयोग से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में काम किया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top