सिंदरी में सम्मान समारोह के साथ मनाया गया मजदूर दिवस

Advertisements

सिंदरी में सम्मान समारोह के साथ मनाया गया मजदूर दिवस

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : एक मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कर्मचारी समन्वय काउंसिल, सिंदरी के तत्वावधान में अंबेडकर परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीम राव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान नगर निगम के महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “श्रम करो, शर्म नहीं” रहा।

इस अवसर पर वर्ष 1886 में शिकागो के हेमार्केट में 8 घंटे के कार्यदिवस की मांग को लेकर हुए ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया गया। साथ ही श्रमिकों के कठिन परिश्रम, त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की गई।

काउंसिल के सलाहकार भोला पासवान ने कहा कि मजदूरों को उनके अधिकार, उचित वेतन और सुरक्षित कार्यस्थल के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। सलाहकार सुरेश प्रसाद ने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, मेहनत से किया गया हर कार्य सम्मान के योग्य है। महासचिव वी. मुरुगन ने मजदूरों के परिश्रम को नमन किया, वहीं सचिव रबिंद्र प्रसाद ने कहा कि मजदूरों के बिना दुनिया का कोई भी कार्य संभव नहीं है, चाहे वह कृषि हो या उद्योग।

कार्यक्रम में सतेन्द्र कुमार मरांडी, जगरनाथ, सुखलाल, शिवलाल, गाजू, शंकर, अनिता देवी, चंदो देवी, ललिता देवी, सबिता देवी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनुराग कुमार आर्या, प्रकाश कुमार, वुधन राम, राजन कुमार, चंचल, आकाश कुमार, सागर कुमार, मनोज मोदक, राजेश पासवान, राजा राम पासवान, जितेन्द्र शर्मा सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top