पीरटांड़ की बीपीएम के खिलाफ पहुंची जांच टीम

Advertisements

पीरटांड़ की बीपीएम के खिलाफ पहुंची जांच टीम

एक माह में कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो विभागीय कार्रवाई : डॉ. रेखा झा

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ की प्रमुख सविता टुडू द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पीरटांड़ की प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) सरिता कुमारी के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। प्रमुख ने अभियान निदेशक को भेजे पत्र में आरोप लगाया था कि सरिता कुमारी पिछले 15 वर्षों से पीरटांड़ में ही पदस्थापित हैं जबकि पंचायत समिति और 20 सूत्री की बैठकों में उनके खिलाफ कई बार शिकायतें उठ चुकी हैं। पत्र में बीपीएम पर सहिया प्रोत्साहन राशि में अनियमितता, संस्थागत प्रसव के दौरान गर्भवती महिलाओं को भोजन उपलब्ध नहीं कराना, सरकारी योजनाओं का समुचित प्रचार-प्रसार नहीं करना समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रमुख ने यह भी कहा है कि उनके कार्यकाल में विभिन्न प्रकार के घोटालों के आरोप भी सामने आते रहे हैं। शिकायत के आधार पर बुधवार को सीएचसी पीरटांड़ में जांच टीम पहुंची। टीम का नेतृत्व कर रहीं डॉ. रेखा झा ने अस्पताल के विभिन्न अभिलेखों की जांच की और परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर एवं होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, गर्भवती महिलाओं को भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जांच के दौरान बीपीएम को सख्त चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि एक माह के भीतर कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जांच के समय प्रखंड प्रमुख सविता टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत, पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी सहित संबंधित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।बीपीएम सरिता कुमारी ने कहा कि आरोप बेबुनियाद है। कोई आरोप सही नहीं पाया गया है। जो दोषी है उसपर कोई शिकायत ही नहीं होता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top