धनबाद में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण की मांग
जनता श्रमिक संघ ने बीसीसीएल प्रबंधन को सौंपा पत्र
डीजे न्यूज, धनबाद:
जनता श्रमिक संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिन्हा ने धनबाद क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) प्रबंधन से मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने 28 अप्रैल को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को पत्र भेजकर शीघ्र पहल करने का अनुरोध किया है।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि धनबाद क्षेत्र देश के प्रमुख कोयला उत्पादन क्षेत्रों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में कोल कर्मी एवं आम नागरिक निवास करते हैं। वर्तमान में कंपनी द्वारा संचालित केंद्रीय चिकित्सालयों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, किंतु इतने बड़े औद्योगिक और जनसंख्या वाले क्षेत्र में अब तक अत्याधुनिक मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल का अभाव बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि गंभीर एवं विशेष उपचार की आवश्यकता होने पर कंपनी कर्मियों और उनके परिजनों को कोलकाता, रांची अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ जाते हैं। आपातकालीन स्थितियों में यह स्थिति कई बार जीवन के लिए भी जोखिमपूर्ण सिद्ध होती है।
पत्र में यह भी सुझाव दिया गया है कि सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की तर्ज पर बीसीसीएल क्षेत्र में भी एक उच्च स्तरीय मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना की जाए, जिससे न केवल कोल कर्मियों बल्कि धनबाद एवं आसपास के लाखों नागरिकों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ हो सकें।