भीषण गर्मी में गिरिडीह नगर निगम की राहत पहल
छह मुख्य चौक-चौराहों पर लगे शीतल जल प्याऊ, राहगीरों-स्कूली बच्चों को मिली ठंडक
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत दी है। नगर निगम की ओर से शहरी क्षेत्र के 6 मुख्य चौक-चौराहों पर शीतल जल प्याऊ की व्यवस्था की गई है। यहां ठेले वालों, स्कूली बच्चों, मजदूरों और राहगीरों को मुफ्त ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
कहां-कहां लगे प्याऊ
नगर निगम ने शहर के सबसे व्यस्त 6 पॉइंट्स को चिन्हित कर प्याऊ लगाए हैं। इनमें टावर चौक,झंडा मैदान,मकतपुर चौक,हुट्टी बाजार,अलकापुरी और बड़ा चौक शामिल हैं। हर प्याऊ पर पानी को ठंडा रखने के लिए मटके और वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है. सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निगम कर्मी यहां तैनात रहेंगे।
निगम की पहल
नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि तापमान 42 डिग्री पार कर चुका है। ऐसे में लू और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए यह व्यवस्था की गई है। सभी प्याऊ पर साफ-सफाई और पानी की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जरूरत पड़ी तो और स्थानों पर भी प्याऊ लगाए जाएंगे।
शहरवासियों ने नगर निगम की इस पहल को सराहनीय बताया है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में यह व्यवस्था किसी वरदान से कम नहीं है।