बजटो फूड पॉयजनिंग को लेकर उपायुक्त ने गठित की मेडिकल टीम, प्रभावितों की जांच शुरू
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर गुपचुप, चाट एवं छोले सहित अन्य संदिग्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की, उपायुक्त ने दी कोताही नहीं बर्दाश्त करने की चेतावनी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत बजटो गांव में गुपचुप (फास्ट फूड) के सेवन के बाद फूड पॉयजनिंग की घटना सामने आई है, जिसमें 20 से अधिक बच्चे, महिला एवं पुरुष अस्वस्थ हो गए हैं। सभी प्रभावितों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल एवं नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका समुचित इलाज जारी है। जिला प्रशासन द्वारा पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए हर स्तर पर सतत निगरानी रखी जा रही है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष मेडिकल टीम का गठन किया है। उनके निर्देशानुसार गठित टीम ने संभावित घटना स्थल बजटों गांव में पहुंचकर प्रभावित बच्चों, उनके परिजनों एवं अन्य ग्रामीणों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की। टीम द्वारा घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया तथा आवश्यकतानुसार प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल एवं खाद्य पदार्थों के सेवन के संबंध में आवश्यक जागरूकता भी दी गई।
उपायुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सक्रिय है और सभी मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों द्वारा बताया गया है कि अधिकांश मरीजों की स्थिति स्थिर है और उनमें तेजी से सुधार हो रहा है, जो राहत की बात है। अस्पताल में आवश्यक दवाओं, बेड एवं चिकित्सकीय संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा भी त्वरित कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी, डॉ. राजा कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर गुपचुप, चाट एवं छोले सहित अन्य संदिग्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। टीम द्वारा संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए हैं, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का शीघ्र पता लगाया जा सके। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को भी मामले की गहन जांच करने एवं संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों से पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों का पालन करें। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण बनाए रखा गया है तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ इस घटना के समाधान में जुटा हुआ है।