तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बीसीसीएल कर्मी को मारी टक्कर, हालत गंभीर
डीजे न्यूज तिसरा,धनबाद : बोर्रागढ़ थाना क्षेत्र के पुटकी-जामाडोबा मार्ग स्थित राजू यादव पेट्रोल पंप के समीप रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आकर बीसीसीएल कर्मी अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि अशोक कुमार भलगोरा से ड्यूटी समाप्त कर अपनी बाइक (संख्या JH10DE/0225) से घर जीतपुर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनका हाथ टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को जिम्स अस्पताल, धनबाद में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, लोगों ने स्कॉर्पियो को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया और पुलिस को सूचना दी।
घायल के पुत्र रंजन कुमार ने देर शाम जोड़ापोखर थाना में अज्ञात स्कॉर्पियो (संख्या JH02X/6559) के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले में जोड़ापोखर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद परिजनों को बोर्रागढ़ ओपी में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।