एम्स देवघर में ऑनलाइन भुगतान से बढ़ी परेशानी, नकद विकल्प करें शुरू : सुनील खंडेलवाल 

Advertisements

एम्स देवघर में ऑनलाइन भुगतान से बढ़ी परेशानी, नकद विकल्प करें शुरू : सुनील खंडेलवाल 

डीजे न्यूज, देवघर : देवघर एम्स में भुगतान व्यवस्था को लेकर आम लोगों की परेशानी सामने आने लगी है। सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने इस मुद्दे को उठाते हुए संस्थान के निदेशक को पत्र भेजा है।

पत्र में उन्होंने बताया कि काउंटर संख्या 12, 13 सहित अन्य काउंटरों पर मरीजों और उनके परिजनों से केवल ऑनलाइन माध्यम से ही शुल्क जमा कराया जा रहा है और नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इस कारण खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

खंडेलवाल ने कहा कि गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, दुमका समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए एम्स पहुंचते हैं। इनमें कई ऐसे लोग हैं जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है या वे ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया से परिचित नहीं हैं। साथ ही, अस्पताल परिसर में इंटरनेट की सीमित उपलब्धता भी समस्या को और बढ़ा रही है।

उन्होंने मांग की है कि ऑनलाइन भुगतान के साथ-साथ नकद भुगतान की सुविधा भी जल्द बहाल की जाए, ताकि सभी वर्गों के मरीजों को सहज और सुलभ चिकित्सा सेवा मिल सके। उन्होंने इसे व्यापक जनहित से जुड़ा मुद्दा बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

इस संबंध में भेजे गए पत्र को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, नई दिल्ली के उप सचिव अरविंद ठाकुर को भी अग्रसारित किया गया है। खंडेलवाल ने भरोसा जताया है कि मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top