झारखंड पात्रता परीक्षा शांति से संपन्न

Advertisements

झारखंड पात्रता परीक्षा शांति से संपन्न

डीजे न्यूज, धनबाद: जिले के 70 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा – 2024 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर परिक्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी रही।

इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि किसी भी परीक्षा केंद्र या कंट्रोल रूम में किसी समस्या से संबंधित कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई।

आयोग के निर्देशानुसार स्ट्रांग रूम से समय पर प्रश्न पत्र केन्द्र तक पहुंचे। सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दंडाधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारी भी समय पर अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर पहुंच गए। केन्द्र पर अभ्यर्थियों की सघन जांच कर प्रवेश कराया गया। सही परीक्षार्थी को सही कमरे में उनकी सही सीट पर बैठाया गया। परीक्षा सुबह 10:00 बजे शुरू हुई तथा दोपहर 1:00 बजे संपन्न हुई।

परीक्षा के दौरान जोनल दंडाधिकारी सह निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन ने डिग्री कॉलेज जामाडोबा, डीएवी उच्च विद्यालय टासरा, सिंदरी कॉलेज, बिनोद बिहारी महतो इंटर महाविद्यालय बलियापुर सहित अन्य परीक्षा केन्द्रों तथा अन्य जोनल दंडाधिकारियों ने अपने जोन के परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जबकि एडीएम लॉ एंड ऑर्डर  हेमा प्रसाद ने कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने बताया कि जिले के सभी 70 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा सपन्न हुई। कोई भी परीक्षा केंद्र से किसी भी प्रकार की कोई समस्या से संबंधित शिकायत प्राप्त नहीं हुई।

परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोग के निर्देशानुसार उत्तर पुस्तिका को बॉक्स में बंद करके, उसे सील कर स्ट्रांग रूम में सुरक्षित तरीके से जमा करा दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top