बगोदर में बिजली संकट से जनाक्रोश, 26 अप्रैल को प्रदर्शन

Advertisements

बगोदर में बिजली संकट से जनाक्रोश, 26 अप्रैल को प्रदर्शन

डीजे न्यूज, बगोदर/गिरिडीह : भीषण गर्मी के बीच बगोदर विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट ने अब गंभीर रूप ले लिया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को पूरे दिन में मुश्किल से 4–5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार अंधेरे और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।

इस मुद्दे को लेकर इंकलाब नौजवान सभा के राज्य अध्यक्ष संदीप जायसवाल ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय विधायक और सांसद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पावर ग्रिड और सब-स्टेशनों को पर्याप्त मेगावाट बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिसके कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां आम लोग भीषण गर्मी में बिजली के अभाव में परेशान हैं, वहीं जनप्रतिनिधि अपने घरों में जनरेटर के सहारे आराम कर रहे हैं। जायसवाल ने पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उस समय क्षेत्र की जरूरत के अनुसार बिजली आपूर्ति बेहतर ढंग से होती थी, लेकिन वर्तमान में हालात बद से बदतर हो गए हैं।

बगोदर, सरिया और बिरनी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति लगातार बाधित है। इसके चलते लोगों को पीने के पानी, पंखे और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र को मानो फिर से “लालटेन युग” में धकेल दिया गया हो।

इंकलाब नौजवान सभा ने प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों का प्रशासन पर नियंत्रण नहीं रह गया है, जिससे बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं ठप हो रही हैं। संगठन ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि नई योजनाओं के बजाय पुराने कार्यों का दोबारा शिलान्यास करने में व्यस्त हैं।

संगठन ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति को कम से कम 18–20 घंटे तक बहाल नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों को अनिश्चितकालीन चक्का जाम करने की भी बात कही गई है।

बिजली संकट के खिलाफ 26 अप्रैल को बगोदर, सरिया और बिरनी में इंकलाब नौजवान सभा द्वारा बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और समर्थन देखने को मिल रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top