टॉपर बनने का सीक्रेट! संजय आनंद ने बताया-एनसीईआरटी ही असली खजाना

Advertisements

टॉपर बनने का सीक्रेट! संजय आनंद ने बताया-एनसीईआरटी ही असली खजाना

मोबाइल है ‘मीठा ज़हर’! गिरिडीह में छात्राओं को मिला सक्सेस का मंत्र

सर जेसी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, गिरिडीह में देवभूमि झारखंड न्यूज के करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में बोले गोल धनबाद सेंटर के निदेश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : स्थान : सर जेसी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, गिरिडीह। समय : सुबह के दस बज रहे हैं। पूरा सभागार स्कूल की बेटियों से भरा हुआ है। मौका : करियर काउंसलिंग। आयोजक : देवभूमि झारखंड न्यूज।

गोल धनबाद सेंटर के निदेशक एवं प्रसिद्ध मोटिवेटर संजय आनंद ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की बेटियों को करियर टिप्स देना शुरू किया। मंच पर गिरिडीह के जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं स्कॉलर बीएड कॉलेज गिरिडीह की प्राचार्य डॉ. शालिनी खोवाला, सर जेसी बोस सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, गिरिडीह के प्राचार्य मुन्ना कुशवाहा तथा देवभूमि झारखंड न्यूज के प्रमुख दिलीप सिन्हा मौजूद थे।

संजय आनंद जैसे-जैसे अपनी बातों को रखते गए, छात्राओं की तालियों की गूंज बढ़ती गई। उन्होंने अपने विचारों को बेहद सारगर्भित तरीके से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर छात्राओं की आंखों में सुनहरे सपने और मजबूत संकल्प स्पष्ट दिखने लगे।

संजय आनंद ने माता-पिता और शिक्षकों के महत्व को जिस प्रभावशाली तरीके से बताया, उसे सुनकर उपस्थित सभी छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे आज से ही अपना लक्ष्य तय कर सही दिशा में आगे बढ़ेंगी।

बेटियों को संबोधित करते हुए संजय आनंद ने कहा कि बेटियां बेहद कीमती हैं। उन्होंने आयोजन के लिए देवभूमि झारखंड न्यूज की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सबने तय कर लिया होगा कि आपको क्या बनना है। आप पर परिवार और समाज की नजर है। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने प्राचार्य मुन्ना कुशवाहा के नेतृत्व की सराहना की।

उन्होंने कहा कि नौवीं से बारहवीं कक्षा तक की उम्र बनने और बिगड़ने की उम्र होती है। ऐसे में छात्राओं को अपना लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। बिना थके और जुनून के साथ आगे बढ़ने पर सफलता निश्चित है।

उन्होंने कहा कि भारत की लगभग सभी प्रतियोगी परीक्षाएं एनसीईआरटी आधारित होती हैं। जिनकी एनसीईआरटी पर पकड़ मजबूत होती है, वे किसी भी विषय में महारत हासिल कर सकते हैं। एनसीईआरटी के खजाने के गोताखोर ही यूपीएससी, नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में टॉपर बनते हैं।

उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे स्कूल आने से पहले और घर लौटने के बाद एनसीईआरटी के पाठ अवश्य पढ़ें। नियमित अभ्यास करें, टेस्ट कभी न छोड़ें और पढ़ते-पढ़ते सोने की आदत विकसित करें।

संजय आनंद ने कहा कि छात्राओं में क्षमता की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता सिर्फ सही दिशा की है। उन्होंने नकारात्मक मित्रता से दूर रहने और मोबाइल के सीमित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने मोबाइल को “मीठा जहर” बताते हुए कहा कि इसका अत्यधिक उपयोग करियर के लिए नुकसानदायक है।

उन्होंने छात्राओं को अधिकतम एक घंटे ही मोबाइल उपयोग करने की सलाह दी और अंत में कहा—या तो पूरी होगी नींद या पूरे होंगे सपने।

सभी बच्चों की अलग-अलग होती है क्षमता : वसीम अहमद

इससे पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद ने कार्यक्रम में देवभूमि झारखंड न्यूज टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हमें अन्य जीवों से अलग बनाती है। यदि कोई व्यक्ति शिक्षित नहीं होता, तो उसका पूरा एक पीढ़ी प्रभावित होती है।

उन्होंने बताया कि हर बच्चे की क्षमता अलग होती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मछली पानी में ही अपनी क्षमता दिखा सकती है, वहीं बाघ जंगल में ही अपनी ताकत दिखाता है। उसी तरह हर छात्र को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय करना चाहिए।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पसंद के अनुसार करियर चुना और अंततः शिक्षा सेवा में सफलता प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि वे अपने लक्ष्य पर कम से कम पांच वर्षों तक पूरी तरह फोकस करें।

आप क्या करेंगे यह समाज नहीं, आप खुद तय करें : डॉ. शालिनी खोवाला

स्कॉलर बीएड कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शालिनी खोवाला ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आप संकल्पित हैं तो कोई भी आपको लक्ष्य प्राप्त करने से नहीं रोक सकता।

उन्होंने कहा कि जीवन में क्या करना है, यह समाज नहीं बल्कि व्यक्ति स्वयं तय करता है। उन्होंने छात्राओं को धैर्य, मेहनत और ईमानदारी के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि इतिहास महिलाओं के बिना अधूरा है और बेटियों ने समय-समय पर अपनी क्षमता साबित की है। आने वाले पांच वर्ष करियर निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य मुन्ना कुशवाहा ने की, जबकि स्वागत भाषण देवभूमि झारखंड न्यूज के प्रमुख दिलीप सिन्हा ने दिया। संचालन आलिया तहसीन ने किया और धन्यवाद ज्ञापन उर्दू शिक्षक मोहम्मद अख्तर ने किया।

इस मौके पर धनबाद जिला संवाददाता संजीत तिवारी, मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव आरफा एवं आनंद सिन्हा सहित कई लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top