डिक्की से तीन लाख उड़ाने वाले अपराधियों को सात दिनों में सरिया पुलिस ने दबोचे

Advertisements

डिक्की से तीन लाख उड़ाने वाले अपराधियों को सात दिनों में सरिया पुलिस ने दबोचे
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : सरिया थाना क्षेत्र के केसवारी बाजार में 15 अप्रैल को बाइक की डिक्की से तीन लाख रुपये चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के महज सात दिन के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी की रकम में से 15 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। इस संबंध में गुरुवार को एसडीपीओ धनंजय राम और थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।
एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि बालेहडीह निवासी मंजू देवी सरिया स्टेट बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान केसवारी में फल खरीदने के लिए रुकीं, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने बाइक की डिक्की से पैसे उड़ा लिए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। मामले के खुलासे के लिए तकनीकी सेल की मदद से एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, थाना प्रभारी पिंकू कुमार, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार और एएसआई श्रवण कुमार शामिल थे।
टीम ने बुधवार को गिरिडीह के पचम्बा में छापेमारी कर खुर्शीद अंसारी और मो साबिर अंसारी को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 15 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ पचम्बा, बेंगाबाद, बिरनी और जामताड़ा थानों में लूट, चोरी, डकैती, मारपीट और धमकी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
बैंक-स्टेशन बनाते थे निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी पहले बैंक, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही नकदी और सामान पर हाथ साफ कर देते थे। सरिया की घटना में भी अपराधियों ने बैंक से ही पीड़िता का पीछा किया और केसवारी पहुंचते ही वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बैंक, स्टेशन या भीड़भाड़ वाले इलाकों में अधिक नकदी, जेवर या कीमती सामान लेकर चलते समय सतर्क रहें और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि ऐसे अपराधियों से बचा जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top