गांडेय में महिला समूहों को किया गया जागरूक, तिरंगा भोजन पर जोर
डीजे न्यूज, गांडेय(धनबाद) : जेएसएलपीएस गांडेय प्रखंड के दासडीह आजीविका महिला ग्राम संगठन के समूह की सदस्यों द्वारा पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समूह की महिलाओं को संतुलित आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
तिरंगा भोजन से मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य : राधिका देवी
समूह की सक्रिय कैडर राधिका देवी ने बताया कि सभी समूह की दीदियों को अपने भोजन में “तिरंगा भोजन” का उपयोग करना चाहिए, जिससे बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सही खानपान अपनाने से दवा और डॉक्टर पर होने वाले खर्च को भी कम किया जा सकता है।
9 से 23 अप्रैल तक चल रहा है पोषण पखवाड़ा
मौके पर जेएसएलपीएस के फील्ड थीमेटिक कोऑर्डिनेटर रामचंद्र चौधरी ने बताया कि पोषण पखवाड़ा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक आंगनवाड़ी केंद्रों और ग्राम संगठनों में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समूह से जुड़ी महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर स्वस्थ परिवार, स्वस्थ गांव और स्वस्थ समाज के संकल्प को साकार करना है।
इस अवसर पर सामुदायिक समन्वयक सुशीला हेंब्रम, संकुल संगठन से लेखपाल समीक्षा कुमारी सहित समूह की सदस्य गीतू देवी, गीता देवी, सरिता देवी, चंपा देवी, रेखा, सुलेखा देवी, गुड़िया देवी, प्रमिला देवी आदि उपस्थित रहीं।