गिरिडीह में भाजपा की जन आक्रोश महिला पदयात्रा, राहुल गांधी का पुतला दहन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में भाजपा समर्थित महिलाओं ने बुधवार को जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया। इस दौरान कांग्रेस द्वारा संसद में महिला आरक्षण से जुड़े “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को पारित नहीं होने देने के विरोध में महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने विरोध स्वरूप राहुल गांधी का पुतला दहन किया और महिला अधिकारों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने इसे देश की आधी आबादी के साथ अन्याय बताया।
प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा प्रो विनीता ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं मिलना देश की आधी आबादी के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के पारित होने से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होती। कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वह महिला विरोधी है और महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखना चाहती है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार लगातार महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि महिलाएं सशक्त होकर निर्णय लेने और नेतृत्व करने में सक्षम बन सकें।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 25 अप्रैल को रांची के मोराबादी मैदान में प्रदेश भर की महिलाएं भारी संख्या में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन करेंगी।
इस मौके पर प्रभारी जिला उपाध्यक्ष संगीता सेठ, संजू देवी, वार्ड पार्षद पूजा देवी, सरिता शर्मा, बबली साव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी, वार्ड पार्षद समीर दीप, देवराज, सुरेश मंडल सहित अनेकों महिलाएं उपस्थित थीं।