बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सीमा पर हाई अलर्ट, एसएसपी ने किया दौरा
पांच प्रमुख चेकपोस्ट का निरीक्षण, हर वाहन और व्यक्ति की सघन जांच के निर्देश
सीमावर्ती इलाकों में गश्त तेज, पैदल पेट्रोलिंग और नदी मार्ग से निगरानी बढ़ी
प्रतिबंधित वस्तुओं की एंट्री पर पूरी तरह रोक, संदिग्धों पर कड़ी नजर
डीजे न्यूज, धनबाद: पश्चिम बंगाल में गुरुवार को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने धनबाद जिले से सटे पश्चिम बंगाल के बॉर्डर क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मैथन डेम कल्याणेश्वरी चेकपोस्ट, मैथन टोल चेकपोस्ट, चिरकुंडा चेकपोस्ट, पंचेत चेकपोस्ट और बलियापुर चेकपोस्ट का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला, अंचल पुलिस निरीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
चेकपोस्टों के निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सीमा से गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए। हर वाहन के साथ-साथ उसमें सवार व्यक्तियों की तलाशी ली जाए और उनकी पहचान का सत्यापन किया जाए। साथ ही सभी वाहनों के नंबर को रजिस्टर में दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने बताया कि पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे सभी संवेदनशील स्थानों पर स्थायी चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्टों पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक इन चेकपोस्टों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीमावर्ती इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त को भी तेज कर दिया गया है। एसएसपी ने पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा नदी मार्गों पर भी नजर रखने के लिए नाव के जरिए पेट्रोलिंग करने को कहा गया, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को रोका जा सके।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रतिबंधित वस्तु—जैसे अवैध शराब, नकदी या अन्य संदिग्ध सामग्री को किसी भी हाल में पश्चिम बंगाल की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए सभी चेकपोस्टों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने यह भी कहा कि सीमा क्षेत्र में रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना समय रहते मिल सके और तुरंत कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुपालन में पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।