केंदुआडीह भू-धंसान: विधायक राज सिन्हा ने 23 अप्रैल से धरने की दी चेतावनी

Advertisements

केंदुआडीह भू-धंसान: विधायक राज सिन्हा ने 23 अप्रैल से धरने की दी चेतावनी

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद विधायक राज सिन्हा ने केंदुआडीह पुराना जीएम बंगला के समीप हुए भू-धंसान, गैस रिसाव तथा धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को अविलंब दुरुस्त करने एवं प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है।
मालूम हो कि घटना के दिन ही विधायक ने तत्काल धनबाद उपायुक्त, बीसीसीएल के सीएमडी सहित संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। इसके अलावा वे दो बार घटनास्थल पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मिले तथा उनकी समस्याओं से अवगत हुए। पिछले दिनों पीबी एरिया के महाप्रबंधक से भी उनके कार्यालय में मिलकर अविलंब समस्या समाधान की मांग की थी।
विधायक ने कहा कि धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क बंद होने, भू-धंसान एवं गैस रिसाव जैसे गंभीर मुद्दों पर जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने में लगे हैं, जबकि आम जनता भारी परेशानी झेल रही है। इससे क्षेत्र के आम लोग आक्रोशित है।
इसी संदर्भ में बुधवार को विधायक राज ने धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन को पत्र सौंपते हुए स्पष्ट कहा कि धनबाद से केंदुआ बाजार होते हुए बोकारो एवं रांची जाने वाली मुख्य सड़क पिछले लगभग 7 दिनों से बंद पड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि उक्त सड़क के किनारे माडा के जलापूर्ति योजना की 18 इंच एवं 14 इंच की पेयजल पाइपलाइन गुजरती है। यदि सड़क टूटने की स्थिति बनी रही तो पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे लाखों लोगों के समक्ष गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो जाएगा।
विधायक ने उपायुक्त से मांग की कि अविलंब सड़क मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया जाए, गैस रिसाव की रोकथाम हेतु ठोस कदम उठाए जाएं तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा तत्काल कार्यवाही नहीं की गई तो वे बाध्य होकर कल 23 अप्रैल से केंदुआडीह में ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
इस पत्र की प्रतिलिपि बीसीसीएल सीएमडी, वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग तथा बीसीसीएल पीबी-एरिया के महाप्रबंधक को भी प्रेषित की गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top