चतरा-हजारीबाग सीमा पर भीषण मुठभेड़, 15 लाख का इनामी सहदेव महतो समेत चार नक्सली ढेर

चतरा-हजारीबाग सीमा पर भीषण मुठभेड़, 15 लाख का इनामी सहदेव महतो समेत चार नक्सली ढेर

बटुका जंगल में पुलिस-कोबरा का संयुक्त ऑपरेशन, एके-47 समेत भारी हथियार बरामद
डीजे न्यूज, हजारीबाग : झारखंड के चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में चार नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी सब-जोनल कमांडर सहदेव महतो और एक महिला नक्सली नताशा के शामिल होने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
यह मुठभेड़ चतरा जिले के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बटुका के घने जंगलों में हुई। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि नक्सलियों का एक बड़ा दस्ता किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। इसी सूचना के आधार पर चतरा और हजारीबाग पुलिस ने कोबरा बटालियन के साथ मिलकर संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
घेराबंदी के दौरान खुद को घिरता देख नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कई घंटों तक चली मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए।
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से चार शव बरामद किए। इसके अलावा दो AK-47 राइफल, भारी मात्रा में कारतूस, नक्सली साहित्य और दैनिक उपयोग के सामान भी जब्त किए गए हैं।
चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और आधिकारिक पुष्टि शिनाख्त पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सहदेव महतो लंबे समय से चतरा, हजारीबाग और लातेहार के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था और कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top