पीरटांड़ के उज्ज्वल पांडेय ने एनडीए में पाई 104वीं रैंक, बनेंगे वायु सेना में फाइटर पायलट

Advertisements

पीरटांड़ के उज्ज्वल पांडेय ने एनडीए में पाई 104वीं रैंक, बनेंगे वायु सेना में फाइटर पायलट

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर गांव निवासी उज्ज्वल पांडेय ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित NDA परीक्षा में पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 104 प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

उज्ज्वल पांडेय, उमेश कुमार पांडेय एवं सविता देवी के पुत्र हैं। वे दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे हैं। उज्ज्वल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गिरिडीह के एक स्थानीय विद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने निरंतर मेहनत और लगन के साथ NDA की तैयारी की और अपने पहले ही प्रयास में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।

इस सफलता के साथ उज्ज्वल पांडेय का चयन भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में हुआ है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद वे फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर देश की सेवा करेंगे।

उज्ज्वल की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, गांव सहित पूरे गिरिडीह जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। साथ ही, उनकी इस सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।

पंचायत समिति सदस्य नवीन सिंह ने बताया कि उनके परिवार ने बहुत संघर्ष किया है। उनके साथ घटित एक घटना के बाद वे गिरिडीह रहने लगे और आज उस परिवार के एक बच्चे ने इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top