गर्भावस्था में नियमित जांच और प्रसव के बाद की देखभाल मां और बच्चे की सुरक्षा के लिए आवश्यक
जोरापोखर में राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जोरापोखर में शुक्रवार को राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन किया गया। यह दिवस प्रति वर्ष 11 अप्रैल को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था, प्रसव और प्रसवोत्तर के दौरान महिलाओं को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करके मातृ मृत्यु दर को कम करना है।
कार्यक्रम में HURL के CSR सहयोग से HLFPPT संस्था से प्रशांत कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच और प्रसव के बाद की देखभाल मां और बच्चे की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, स्वच्छ वातावरण और समय पर टीकाकरण की सलाह दी गई।
यह दिवस सभी माताओं को सम्मानजनक, पौष्टिक और योग्य स्वास्थ्य देखभाल का अधिकार सुनिश्चित करने और सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देता है। यह दिन याद दिलाता है कि एक स्वस्थ मां ही एक स्वस्थ परिवार, सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव होती है।
इस मौके पर बबली कुमारी सीएचओ, ओआरडब्ल्यू समीर कुमार, गणेश झा, सहिया तथा महिलाएं उपस्थित रहीं।