


पूर्वी टुंडी में अवैध शराब के साथ कार जब्त, देवघर का विष्णु कुमार गिरफ्तार 
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : पूर्वी टुंडी पुलिस ने बुधवार को घोषालडीह चेकपोस्ट के पास एक अर्टिगा कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में देवघर के रहने वाले एक आरोपी को भी मौके से पकड़ लिया है, जिसे बाद में जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि घोषालडीह चेकपोस्ट पर पुलिस सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान धनबाद की ओर से आ रही एक सिल्वर रंग की अर्टिगा कार (जेएच 15 एएम 2899) पुलिस को देखकर अचानक रुक गई और गाड़ी रुकते ही उसमें सवार दो लोग उतरकर भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी, देवघर निवासी विष्णु कुमार को धर दबोचा।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल्स और आइकॉनिक ब्रांड की कुल 22 पेटियां अवैध शराब बरामद की हैं। बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 17 कार्टून (408 बोतल), मैकडॉवेल्स की 04 कार्टून (96 बोतल) और आइकॉनिक की 01 कार्टून (24 बोतल) शामिल हैं। पुलिस ने अर्टिगा कार और एक वीवो कंपनी का स्मार्ट फोन भी जब्त किया है। शराब को बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है और पकड़े गए आरोपी व कारोबार में शामिल अन्य के खिलाफ उत्पाद अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।



