धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का शुभारंभ कार्यक्रम विवादों के घेरे में रेलवे ने मेयर संजीव को पहले भेजा आमंत्रण पत्र, फिर किया रद

Advertisements

धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का शुभारंभ कार्यक्रम विवादों के घेरे में

रेलवे ने मेयर संजीव को पहले भेजा आमंत्रण पत्र, फिर किया रद

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद स्टेशन पर नई ट्रेन धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस के नियमित परिचालन का शुभारंभ को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। हुआ यूं कि रेलवे प्रशासन ने शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेयर संजीव सिंह और विधायक‌ रागिनी सिंह को आमंत्रण पत्र भेजा था। उदघाटन के ठीक एक घंटा पहले रेलवे ने आमंत्रण रद कर दिया। इसके लिए रेल प्रशासन ने खेद भी जताया है। कार्यक्रम स्थल पर लगे बैनर पर मेयर संजीव सिंह का भी नाम दर्ज था, लेकिन बाद में उस बैनर को हटा दिया गया।
इस घटना ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं साथ ही जनप्रतिनिधियों के सम्मान और लोकतांत्रिक परंपराओं को लेकर भी गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
यह केवल एक प्रशासनिक “त्रुटि” नहीं, बल्कि एक गंभीर लापरवाही और असंवेदनशीलता का उदाहरण प्रतीत होता है।

प्रश्न यह उठता है कि यदि रेलवे बोर्ड के स्पष्ट दिशा-निर्देश पहले से मौजूद थे, तो फिर आमंत्रण जारी ही क्यों किया गया? क्या संबंधित अधिकारियों ने बिना नियम देखे निमंत्रण भेज दिया, या फिर अंतिम समय में किसी के दबाव में निर्णय बदला गया? यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कार्यक्रम स्थल से आनन-फानन में जनप्रतिनिधियों के बैनर-पोस्टर हटाए जाने की घटना इस पूरे प्रकरण को और संदिग्ध बना देती है।

लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि जनता की आवाज़ होते हैं। उन्हें आमंत्रित कर सार्वजनिक रूप से सम्मान देना प्रशासन की जिम्मेदारी होती है, लेकिन आमंत्रण देकर अंतिम समय में उसे रद्द करना न केवल व्यक्तिगत अपमान है, बल्कि उन हजारों मतदाताओं का भी अनादर है, जिनका प्रतिनिधित्व ये जनप्रतिनिधि करते हैं।

यह घटना पहली बार नहीं है जब केंद्रीय योजनाओं या परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रमों में श्रेय लेने की होड़ दिखाई दी हो। पहले भी कई मौकों पर देखा गया है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को नजरअंदाज किया गया, जिससे अनावश्यक विवाद और असंतोष पैदा हुआ।

प्रशासन को यह समझना होगा कि सरकारी कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं होते, बल्कि जनता के विश्वास और सम्मान से जुड़े होते हैं। ऐसे में यदि किसी प्रकार की त्रुटि होती भी है, तो उसे समय रहते सुधारना चाहिए, न कि अंतिम क्षण में निर्णय बदलकर स्थिति को और जटिल बनाना चाहिए।

अब आवश्यकता इस बात की है कि इस पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी तय हो। यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर किस स्तर पर यह चूक हुई और क्या वास्तव में किसी दबाव में अंतिम समय में निर्णय बदला गया। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट और पारदर्शी प्रक्रिया तय की जानी चाहिए।

क्योंकि लोकतंत्र में सम्मान केवल पद का नहीं, बल्कि जनता की भावनाओं का भी होता है—और उसका अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हो सकता।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top