



मुखियाओं के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू
डीजे न्यूज, धनबाद: राजकीय पॉलिटेक्निक, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी एवं सदर अस्पताल के एमटीसी ट्रेनिंग हाल में सोमवार को सभी 256 पंचायत के मुखियाओं के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम शुरू हुआ।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित प्रशिक्षण केंद्र का भ्रमण किया। उन्होंने मुखियाओं को प्रशिक्षण के दौरान बताई जा रही बातों को ध्यानपूर्वक सुनने एवं पंचायत स्तर पर उसका पालन करने का निर्देश दिया। साथ में राज्य सरकार की सभी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शिता रखकर क्रियान्वयन करने व धरातल पर उतारने तथा पंचायत के अंतिम व्यक्ति को योजना का लाभ प्रदान करने का निर्देश दिया।

प्रशिक्षण में मुखियाओं को पंचायत के अधिकार एवं कर्तव्य, ग्राम पंचायत की प्रशासनिक एवं वित्तीय शक्तियां, सरकारी विकास योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन, जन भागीदारी, मुखिया के उत्तरदायित्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
राजकीय पॉलिटेक्निक में रांची से आए प्रशिक्षक सुजीत कमार ने बाघमारा, बलियापुर एवं पूर्वी टुंडी प्रखंड के मुखियाओं, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी में प्रकाश राना ने टुंडी, तोपचांची एवं गोविंदपुर तथा सदर अस्पताल के एमटीसी ट्रेनिंग सेंटर में नमिता देवी ने निरसा, एग्यारकुंड, कलियासोल एवं धनबाद प्रखंड के मुखियाओं को प्रशिक्षण दिया। राजकीय पॉलिटेक्निक में परियोजना पदाधिकारी मनरेगा मनोज कुमार, बीबीएमकेयू में जिला कार्यक्रम प्रबंधक 15वें वित्त आयोग मो तौहीद आलम एवं एमटीसी ट्रेनिंग सेंटर में जिला समन्वयक पीएमएवाय (जी) सुशांत कुमार नोडल पदाधिकारी बनाए गए हैं। तीनों सेंटर में प्रशिक्षण 8 अप्रैल तक चलेगा।




