खूंटी को छह विकेट से हराकर धनबाद की लगातार दूसरी जीत
जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद ने खूंटी को छह विकेट से हराकर जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। वहीं शनिवार को ही खेले गए दिन के दूसरे मैच में नंदनी कुमारी की बेहतरीन पारी की मदद से हजारीबाग ने गिरिडीह को 104 रनों के विशाल अंतर से पराजित कर दिया। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में मैदान गीला रहने के कारण धनबाद व खूंटी के बीच मैच देर से शुरू हुआ। आठ-आठ ओवर के इस मैच में टास जीत खूंटी ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित ओवर में तीन विकेट पर 37 रन बनाए। अनुष्का कुमारी ने 12 अविजित व अनुषा गुप्ता ने सात रन बनाए। वहीं धनबाद की सुषमा सिंह ने सात रन पर एक विकेट लिए। बाद में धनबाद ने एक गेंद शेष रहते चार विकेट के नुकसान पर 41 रन बना मैच छह विकेट से जीत लिया। श्वेता कुमारी 13 रन बनाकर अविजित रहीं और प्लेयर आफ द मैच चुनी गईं। पलक मिश्रा ने आठ महत्वपूर्ण रन बनाए। दिव्या कुमारी ने 12 रन पर दो विकेट लिए। अनुष्का कुमारी व अमृता कुमारी को एक-एक विकेट मिला। श्वेता को प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार एईएलओ उमेश पाठक ने प्रदान किया।
दूसरे मैच में गिरिडीह के विरुद्ध टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हजारीबाग ने 20 ओवरों में पांच विकेट पर 154 रन बनाए। नंदनी कुमारी ने 27 गेंदों में 61 रनों की बेहतरीन पारी खेली जिसमें दस चौके व एक छक्का शामिल था। सलोनी कुमारी ने 19, कुमारी ने 14, आर्या शुभांगी ने 13 और सपना कुमारी ने 11 रन बनाए। आरुषि कुमारी ने 17 पर दो विकेट लिए। शुभाश्री गोराई, महिमा महतो और पूजा कुमारी को एक-एक विकेट मिला। बाद में गिरिडीह की टीम 14.3 ओवर में 50 रन बनाकर आउट हो गई। खुशी राय ने 16 और आशी सिमर ने आठ रन बनाए। नंदिनी कुमारी ने 14 पर तीन, नंदनी कुमारी ने चार पर एक और सृष्टि राज गुप्ता ने छह पर एक विकेट लिए। हजारीबाग की नंदनी कुमारी को प्लेयर आफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार मैच रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने प्रदान किया। इस अवसर पर वहां अंपायर अनुज कुमार महतो व वकील अहमद और स्कोरर दीपक कुमार उपस्थित थे।