


11 हजार वोल्ट के करंट से झुलसा युवक, जर्जर तारों से गांव में खतरा बरकरार
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के बांध गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब करंट लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब युवक गांव में ही टहल रहा था।
बताया जाता है कि बांध निवासी अशोक तुरी का पुत्र सुरेश तुरी शाम के समय घर के पास ही घूम रहा था। इसी दौरान वह जमीन पर गिरे 11 हजार वोल्ट के नंगे बिजली तार की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक को तार से अलग किया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उसे इलाज के लिए डुमरी भेजा गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कई जगहों पर जर्जर बिजली तार लटक रहे हैं, जो अक्सर गिर जाते हैं और हादसों का कारण बनते हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
गांव के शेखर महतो ने प्रशासन से मांग की है कि घायल युवक के इलाज की समुचित व्यवस्था कराई जाए और बिजली विभाग की लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए जर्जर तारों को जल्द ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



