



झरिया व बलियापुर की खबरें:-
मिशन एयरपोर्ट समूह ने किया स्कूलों का दौरा
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): मिशन एयरपोर्ट धनबाद समूह का प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को झरिया के विभिन्न स्कूलों का दौरा किया। इस क्रम में आंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को प्रस्तावित पदयात्रा और विचार गोष्ठी में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील शिक्षक और बच्चों से की गई। वक्ताओं ने कहा कि झरिया को संवैधानिक हक दिलाने के लिए उक्त कार्यक्रम आहुत की गई है। लोग जागरूक होंगे तभी हक व अधिकार को पाया जा सकता है।
प्रतिनिधिमंडल जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल सीनियर स्कूल डिगवाडीह, चासनाला एकेडमी, केडीएम पब्लिक स्कूल, न्यू किड्स गार्डन सुदामडीह, डीएवी मॉडल स्कूल डिगवाडीह, न्यू किड्स गार्डन स्कूल जेलगोरा, डीएवी पब्लिक स्कूल बनियाहीर का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में अनिल कुमार जैन,महेश शर्मा, बिरजू शर्मा और कुंदन मोदक थे।
—————————————–

बलियापुर में साढ़े पांच घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
बलियापुर: बलियापुर व आसपास इलाके में शनिवार को लगभग साढ़े पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली नहीं रहने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्वाहन करीब 10:00 बजे बिजली कटी जो अपराहन करीब 3:30 बजे आई। विभाग के अनुसार डीवीसी द्वारा शॉट डाउन लिए जाने से यह स्थिति पैदा हुई।
—————————————————-
बाइक व टाटा मैजिक में हुई टक्कर में एक की मौत, दो जख्मी
बलियापुर: बलियापुर- झरिया रोड पर बलियापुर थाना क्षेत्र के आमझर स्थित ग्लोबल हार्डकोक भट्ठा के पास शनिवार को बाइक एवं टाटा मैजिक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
घटना में तीन लोग जख्मी हो गए। जख्मियों में
बाइक चालक शुभम कुमार महतो व पीछे बैठा सनातन कुमार तथा टाटा मैजिक के चालक गोलू शामिल हैं। पुलिस तीनों जख्मियों को शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल धनबाद में भर्ती कराया, जहां इलाज के क्रम में शुभम कुमार महतो को मृत घोषित कर दिया। जख्मी सनातन कुमार एवं गोलू का इलाज चल रहा है।
मृत शुभम कुमार और सनातन पुटकी थाना क्षेत्र के बलिहारी गांव का रहने वाला बताया जाता है।
कोल्ड ड्रिंक की बोतल से लदी टाटा मैजिक वाहन झरिया से बलियापुर की आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से जा रहे बाइक सवार की टक्कर टाटा मैजिक से गई। घटना के तुरंत बाद कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे और टाटा मैजिक के ड्राइवर सीट पर बैठा चालक गोलू को किसी तरह बाहर निकाला। वहीं सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को एंबुलेंस से धनबाद भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टाटा मैजिक एवं बाइक को जप्त कर थाना ले आई है।



