मजदूरों ने मनाया काला दिवस, केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन

Advertisements

मजदूरों ने मनाया काला दिवस, केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : बुधवार को कुजामा व लोदना कोलियरी क्षेत्र संख्या 10 के कार्यालय के समक्ष बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के बैनर तले केंद्र की मोदी सरकार की कथित मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ काला दिवस मनाया गया। इस दौरान मजदूरों ने चार लेबर कोड के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान मजदूरों ने “लेबर कोड वापस लो”, “केंद्र की मोदी सरकार मुर्दाबाद”, “मोदी सरकार तेरा तानाशाही नहीं चलेगा”, “मजदूर किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आम जनता एक हो” जैसे नारे लगाए। साथ ही “सीटू (CITU) जिंदाबाद”, “बीसीकेयू जिंदाबाद” और “बिहार कोलियरी कामगार यूनियन जिंदाबाद” के नारे भी गूंजते रहे।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोड लागू किया है, जो मजदूरों के अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लेबर कोड के लागू होने से मजदूरों को गुलाम बनाने की साजिश की जा रही है। इससे यूनियनों के अधिकार समाप्त हो जाएंगे, मजदूरों के आंदोलन करने का अधिकार खत्म हो जाएगा, काम के घंटे बढ़ जाएंगे और वेतन में कमी आएगी। साथ ही बड़े पैमाने पर छंटनी और सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण का रास्ता भी साफ होगा।

वक्ताओं ने कहा कि सरकार प्रबंधन के खिलाफ आवाज उठाने का अधिकार भी समाप्त करना चाहती है, जिसके विरोध में मजदूर एकजुट होकर आंदोलन के लिए तैयार हैं। उन्होंने इसे मजदूर, किसान और आम जनता विरोधी नीति बताते हुए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शाखा सचिव सुरेंद्र पासवान, शाखा उपाध्यक्ष कुंदन पासवान, रोशन कुमार, राधा देवी, नारों हजाम, मोहम्मद इदरीश खान, बाला पासवान, मुख्तार अंसारी, प्रकाश महतो, मनोज भुईयां, डिस्को महतो, राजकुमार मंडल, अशोक राजवीर, रंजीत पासवान, बहादुर पासवान, भागीरथी देवी सहित सैकड़ों मजदूर उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top