गिरिडीह में अंतरजातीय विवाह पर बवाल

Advertisements

गिरिडीह में अंतरजातीय विवाह पर बवाल
सदर अस्पताल के पास प्रेमी के परिवार का हंगामा, काफी देर तक चला ड्रामा, धनवार का है युगल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : बुधवार को गिरिडीह सदर अस्पताल के समीप अंतरजातीय विवाह को लेकर जमकर हंगामा हुआ। प्रेमी अजय पांडेय (ब्राह्मण परिवार) और प्रेमिका सुमन रविदास (दलित परिवार) के शादी करने के बाद प्रेमी के परिजनों ने विरोध जताया और मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, सुमन रविदास के परिवार वाले इस शादी को स्वीकार करने के लिए तैयार थे और दोनों को अपनाने के पक्ष में थे। वहीं अजय पांडेय के परिवार के लोग इस विवाह के सख्त खिलाफ थे। इसी कारण वे अजय को जबरन अपने साथ घर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अजय और सुमन दोनों साथ रहने पर अड़े रहे।
इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ देर तक हंगामा और नोकझोंक चलती रही। स्थिति बिगड़ती देख अजय के भाई और चाचा वहां से चले गए। हालांकि, उनका आरोप था कि उनके भतीजे अजय से जबरन सुमन की मांग में सिंदूर भरवाया गया है और अब उसे परिवार वालों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा है।
बताया जाता है कि अजय पांडेय और सुमन रविदास दोनों धनवार थाना क्षेत्र के निवासी हैं और पिछले करीब 6 वर्षों से उनके बीच प्रेम संबंध था। मंगलवार को अजय अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां मामले का खुलासा होने के बाद हंगामा हुआ और दोनों की शादी करा दी गई।
बुधवार को सुमन का परिवार दोनों की कोर्ट मैरिज कराने के लिए सदर अस्पताल के पास पहुंचा था, जहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top