हुसैनाबाद स्कूल में फेयरवेल पर छलका छात्रों का दर्द, नम आंखों से दी विदाई

Advertisements

हुसैनाबाद स्कूल में फेयरवेल पर छलका छात्रों का दर्द, नम आंखों से दी विदाई

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद (पलामू) : बुधवार को रा म वि हुसैनाबाद में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह के साथ हुई, लेकिन इसी बीच वर्ग आठ के विद्यार्थियों के लिए यह दिन भावुक क्षणों से भरा रहा। विद्यालय से विदाई के अवसर पर बच्चों की आंखों से मोती जैसे आंसू झर-झर बहते रहे और पूरा माहौल गमगीन हो गया।

जहां एक ओर नए वर्ग में प्रवेश को लेकर छोटे बच्चों में जबरदस्त उत्साह और जिज्ञासा देखी गई, वहीं वर्ग आठ के विद्यार्थियों को यह एहसास हो रहा था कि अब यह विद्यालय और कक्षा उनके लिए बीते दिनों की बात हो जाएगी। वे खुद को मेजबान से मेहमान बनते महसूस कर रहे थे।

विद्यालय में वर्ग सात से आठ में पहुंचे विद्यार्थियों के लिए वेलकम समारोह तथा वर्ग आठ के छात्रों को सादे समारोह में फेयरवेल दिया गया। इस दौरान वर्ग आठ के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस विद्यालय में बिताए गए आठ साल उनके जीवन के स्वर्णिम पल रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और संस्कारों की अमूल्य सीख मिली, जो हमेशा यादगार रहेगी।

शिक्षिका सुषमा पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा जीवन का अभिन्न अंग है और इसकी उपयोगिता हर क्षेत्र में दिखाई देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय से मिली सीख को जीवन में बनाए रखने की प्रेरणा दी, ताकि वे शून्य से शिखर तक पहुंच सकें।

शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षा ही संस्कार और संस्कृति की जननी है। केवल विषय ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान भी आवश्यक है, तभी व्यक्ति पूर्ण मानव बन सकता है। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा को जीवन की मजबूत नींव बताया। सेवानिवृत्त शिक्षक मुहम्मद जुबैर अंसारी ने कहा कि मिलन और बिछुड़न जीवन की स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च कक्षाओं में भी पूरे जोश के साथ पढ़ाई जारी रखने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की सलाह दी। प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद ने कहा कि विद्यार्थियों में असीम संभावनाएं छिपी हुई हैं, जरूरत है उन्हें निखारने की। उन्होंने सभी को आदर्श मूल्यों को अपनाते हुए अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में वर्ग आठ के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न लजीज व्यंजन तैयार किए गए, जिनकी सभी ने सराहना की। इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि छात्र-छात्राएं शैक्षणिक गतिविधियों के साथ पाककला में भी दक्ष हैं।

इस अवसर पर शिक्षिका आशा कुमारी, पूनम कुमारी, रश्मि प्रकाश, कंप्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता सहित अन्य शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। वहीं विद्यार्थियों में राजवीर, बिट्टू, ओम प्रकाश, अंकित, प्रिंस, संतोष, अमित, आस्मी, सुमन, हीना सहित अन्य का योगदान उल्लेखनीय रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top