



मृतक का फाइल फोटो
दो बाइकों के बीच हुई टक्कर में 17 वर्षीय किशोर की मौत, तीन जख्मी
बलियापुर के सिंदूरपुर का रहने वाला था मृत अंबर

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर- गोविंदपुर रोड पर सिंदूरपुर पेट्रोल पंप के पास सोमवार को दो बाइक के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में चार युवक जख्मी हो गए। जख्मियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के क्रम में 17 वर्षीय अंबर रजक की मौत हो गई । मृतक सिंदूरपुर निवासी रंजू रजक का पुत्र था।
बताया जाता है कि दोपहर करीब 1:30 बजे सिंदूरपुर के 17 वर्षीय झंटू रजवार एवं उनके साथी अंबर रजक बाइक से प्रधानखंटा की ओर से सिंदूरपुर लौट रहा था। इस दौरान पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे दूसरी बाइक के साथ जबरदस्त टक्कर हो गई। सभी जख्मियों को इलाज हेतु बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए सभी को निर्मल महतो मेमोरियल अस्पताल धनबाद रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सक ने अंबर रजक को मृत घोषित कर दिया। वहीं झंडू रजवार एवं दूसरे बाइक पर सवार मेराज अंसारी की हालत गंभीर बनी हुई है। जख्मी मिराज की बाइक में सवार एक अन्य युवक को मामूली चोटे बताई जाती है।
गांव में पसरा मातम
सड़क दुर्घटना में अंबर रजक की मौत की सूचना के बाद सिंदुरपुर स्थित उसके गांव में मातम छा गया। मृतक अंबर रजक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था । मृतक के पांच बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक अंबर रजक बीबीएम इंटर कॉलेज बलियापुर में 12वीं का छात्र था। घटना के बाद मृतक के माता-पिता, बहनें एवं अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
इधर दूसरे बाइक पर सवार मेराज अंसारी एवं पीछे बैठा युवक गोविंदपुर स्थित मुर्गाबनी का रहने वाला है। दोनों बलियापुर से गोविंदपुर लौट रहे थे।



