



दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा, उन्हें सशक्त बनाना प्राथमिकता : रामनिवास यादव
जिला प्रशासन एवं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से दिव्यांगों के बीच 973 उपकरणों का वितरण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला प्रशासन एवं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व पहल के तहत गिरिडीह में जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों के बीच सहायक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनके दैनिक जीवन को सुगम करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने दिव्यांगजनों के बीच सहायक सामग्री का वितरण किया। इस दौरान लाभुकों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे वे अपने दैनिक कार्यों को आसानी से कर सकें और आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें।

इस कार्यक्रम में कुल 973 उपकरणों का वितरण किया गया। इनमें ट्राइसाइकिल कन्वेंशनल हैंड प्रोपेल्ड (चाइल्ड) 06, मोटराइज्ड व्हील चेयर 24, ट्राइसाइकिल कन्वेंशनल हैंड प्रोपेल्ड (एडल्ट) 125, विजुअल इम्पेयर्ड किट 04, व्हील चेयर एडल्ट (साथी) 116, व्हील चेयर चाइल्ड (ममता) 08, क्रच एक्सिला एडल्ट मीडियम 310, क्रच एक्सिला एडल्ट लार्ज 16, क्रच एक्सिला एडल्ट स्मॉल 06, एल्बो क्रच एडल्ट 100, एल्बो क्रच चाइल्ड 04, वॉकिंग स्टिक 08, बीटीई डिजिटल टाइप हियरिंग एड 84, रोलैटर (ए) 08, रोलैटर (सी) 14, टीएलएम किट 35, सुगम्य केन 24, कृत्रिम अंग एवं कैलिपर 65, सीपी चेयर 10, जॉयस्टिक व्हील चेयर 06 शामिल हैं।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सशक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सहायता सामग्री मिलने से दिव्यांगजनों को चलने-फिरने, पढ़ने-लिखने और रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हमेशा जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए तत्पर है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।


इस अवसर पर कोडरमा लोकसभा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने कहा कि समाज के कमजोर एवं दिव्यांगजनों की सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की यह पहल सराहनीय है, जो जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बिनोद सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए सरकार एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों से समाज में समावेशिता की भावना मजबूत होती है और जरूरतमंदों को नई उम्मीद मिलती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिला प्रशासन एवं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के बेहतर समन्वय का परिणाम है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी अपने सामाजिक दायित्व कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने सहायता सामग्री प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और जिला प्रशासन एवं इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रति आभार जताया। कई लाभुकों ने कहा कि व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल मिलने से उन्हें आने-जाने और अपने कार्य करने में काफी सुविधा होगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी पाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी लाभुकों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


